23 मई को खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट,मुख्य सचिव ने की तैयारियों पर चर्चा

उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित सिखों के प्रसिद्ध और पवित्र हिमालयी तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। गोविंद घाट गुरुद्वारा के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्धन से आगामी तीर्थयात्रा सीजन की तैयारियों को लेकर मुलाकात की। बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श और मौजूदा मौसम परिस्थितियों का आकलन करने के बाद दोनों पक्षों की सहमति से 23 मई, शनिवार को हेमकुंड साहिब के कपाट खोलने का निर्णय लिया गया।

हेमकुंड साहिब सिख धर्म के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पवित्र तीर्थस्थल है। मान्यता है कि सिखों के दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने पूर्व जन्म में इसी स्थान पर तप और ध्यान किया था। इसका उल्लेख स्वयं गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने द्वारा रचित दशम ग्रंथ के ‘विचित्र नाटक’ अध्याय में किया है।

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब हिमालय की सुंदर पर्वत श्रृंखलाओं के बीच समुद्र तल से लगभग 15,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित है। यह पवित्र स्थल श्रद्धालुओं को शांति, आध्यात्मिक अनुभूति और ध्यान का दिव्य वातावरण प्रदान करता है। हर वर्ष देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हेमकुंड साहिब की यात्रा विश्व स्तर पर श्रद्धा, एकता और आध्यात्मिक नवीनीकरण का प्रतीक मानी जाती है।

Also read this news: विधानसभा सत्र के बाद केंट पहुंचीं सविता कपूर, हुआ भव्य स्वागत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *