हरिद्वार में 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरा गुलदार, वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

वन विभाग की रुड़की रेंज स्थित ग्राम भारापुर भौंरी के पास एक गुलदार 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार को कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया।

हरिद्वार में ग्राम भारापुर भौंरी के पास एक गुलदार 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। जिसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

बताया जा रहा है कि गुलदार जंगल से भटककर गांव के पास पहुंचा और एक खेत में बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। गुलदार काफी देर से गड्ढे में फंसा हुआ था और बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। गड्ढा गहरा होने के कारण वह खुद बाहर नहीं निकल पा रहा था। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

वन विभाग के एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़ के निर्देश पर रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में वन कर्मियों ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था की ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। रात के वक्त मौके पर एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़ भी पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन अभियान शुरू किया।

गुलदार को सुरक्षित निकालने के लिए देहरादून से पशु चिकित्सकों की टीम को भी बुलाया गया। डॉक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया, ताकि उसे बिना किसी खतरे के बाहर निकाला जा सके। इसके बाद वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए सावधानी के साथ गुलदार को गड्ढे से बाहर निकाला।

Also read this news: उत्तराखंड में गैस की किल्लत का असर, ढाबे बंद | विधानसभा में गूंजा मामला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *