देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू, 42 सीटर विमान को सीएम ने दिखाई हरी झंडी

उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा देते हुए देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से 42 सीटर एलायंस एयर विमान को हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का शुभारंभ किया।

यह उड़ान क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना (UDAN) के तहत संचालित की जा रही है। इस सेवा के शुरू होने से अब देहरादून से पिथौरागढ़ की यात्रा, जो पहले लगभग 15 घंटे में पूरी होती थी, अब महज एक घंटे में पूरी की जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से गढ़वाल और कुमाऊं के बीच आवागमन आसान होगा और सीमांत क्षेत्रों को सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे पर्यटन, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले चार वर्षों में हेलीपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड 60 से बढ़कर 118 हो गए हैं। बेहतर एविएशन नेटवर्क के चलते उत्तराखंड को ‘बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम’ का अवॉर्ड भी मिल चुका है।

सीएम धामी ने कहा कि इस तरह की सेवाएं न केवल विकास को गति देंगी…बल्कि आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को भी अधिक प्रभावी बनाएंगी। साथ ही सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और पर्यटन के नए अवसर भी बढ़ेंगे

उन्होंने केंद्र सरकार की ‘उड़ान योजना 2.0’ का जिक्र करते हुए कहा कि इससे देशभर में हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी…जिसका लाभ उत्तराखंड को भी मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *