हरिद्वार में श्रावण मास के विश्वप्रसिद्ध कांवड़ मेले को शुरू हुए सात दिन बीत चुके हैं। प्रशासन के अनुसार, इस दाैरान करीब एक करोड़ 57 लाख कांवड़ियों ने हरिद्वार से गंगा जल भर अपने शिवालयाें के लिए प्रस्थान किया है।
शिवभक्तों के हुजूम से हरिद्वार पूरी तरह भगवामयमय हो गया है। कांवड़ियों द्वारा रंग बिरंगी सजी हुई कांवड़ रूपी झांकियों से शहर में उत्सव का माहौल है। आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं हरिद्वार पहुंचे और उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों का चरण पखार कर अभिनंदन किया।
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, आज गुरूवार को शाम छह बजे तक 40 लाख कांवड़ियों ने हरिद्वार से गंगाजल भरकर अपने अभीष्ट शिवालयों के लिए प्रस्थान किया है।
पुलिस प्रशासन की ओर से कांवड़ मेले के नोडल अधिकारी एसपी सिटी पंकज गैराला ने दावा किया कि कांवड़ मेला शुरू होने के बाद से गुरूवार शाम तक 01 करोड़ 56 लाख 90 हजार कांवड़िए जल भरकर अपने गंतव्यों को रवाना हो चुके हैं।