अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव 2024 के लिए देशभर में राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को धार देनी शुरू कर दी है। इस क्रम में उत्तराखंड में कांग्रेस और भाजपा भी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति पर मंथन करने में जुटी हैं। दोनों ही दलों के प्रमुख नेता चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पार्टी, लोकसभा और निकाय चुनाव को लेकर जिलास्तरीय सम्मेलन करेगी। इनकी तिथियां जल्द घोषित कर दी जाएंगी। माहरा ने कहा-पार्टी चुनाव में ‘मेरा बूथ मजबूत तो कांग्रेस मजबूत’ की रणनीति के साथ उतरेगी। पदाधिकारियों को इसके लिए सक्रियता होना होगा। हरिद्वार में मायापुर स्थित यूनियन भवन में शुक्रवार को कांग्रेस के गढ़वाल मंडल के जिला और महानगर अध्यक्षों की बैठक हुई।
बैठक में लोकसभा व निकाय चुनाव की तैयारियों समेत छह बिन्दुओं पर मंथन किया गया। इस दौरान माहरा ने पदाधिकारियों से कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत करने को कहा। संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ, मंडल, ब्लॉक एवं जिला कमेटियों के गठन पर भी चर्चा की गई। बैठक में सभी से 10 नवंबर तक बूथ और ब्लॉक कमेटियों की रिपोर्ट भी मांगी।
बैठक में गढ़वाल मंडल के जिलों में सम्मेलन करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलनों में चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। इस दौरान माहरा ने पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में जनता को कांग्रेस से जोड़ें। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी मौजूद रहे।