वसंत विहार क्षेत्र के मोहित नगर में उरेडा की एकाउंटेंट को बंधक बनाकर हुई लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। आरोपी घटना से तीन दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। जेल से निकलने के बाद कोई वारिस नहीं था। खर्च चलाने के लिए सहारा न होने पर उसने महिला के घर जाकर चाकू के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने उससे लूटे गए 30 हजार रुपये और करीब सवा सात लाख रुपये के गहने बरामद किए हैं। एसएसपी अजय सिंह ने बुधवार को घटना खुलासे की जानकारी दी। वसंत विहार थाना क्षेत्र के मोहित नगर में नम्रता वोहरा का घर है। पति की मौत हो चुकी है, जबकि दोनों बच्चे राज्य से बाहर रहते हैं। वह उरेडा में एकाउंटेंट के पद नौकरी करती हैं।
वह बीते सोमवार रात अपने बेडरूम में सो रही थी। रात करीब पौन एक बजे बाथरूम गई और वापस आकर अपने बेड पर लेटी। तभी एक लुटेरा आया, उसने उनके गले पर चाकू लगा दिया। महिला को चाकू की नोंक पर लेकर घर से सवा सात लाख रुपये के सोने गहने और करीब पचास हजार रुपये नगदी लूट ली।
इसके बाद आरोपी दीवार कूदकर फरार हो गया था। पुलिस ने मंगलवार सुबह केस दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास चार किमी दायरे में लगे लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए। साथ ही क्षेत्र से पूर्व में अपराधिक मामलों में जेल गए 150 अपराधियों का डाटा खंगाला गया।