ऋषिकेश में भयानक हादसाः नदी में 3 बच्चियां डूबी… दो की थमी सांसे

उत्तराखंड के देहरादून जनपद अंतर्गत, ऋषिकेश में शुक्रवार शाम नदी में नहाते समय तीन बच्चियां पानी के तेज बहाव में डूब गईं। स्थानीय लोगों ने एक बच्ची को सुरक्षित बचा लिया। जबकि दो बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। जिनके शव बरामद हुए हैं।

एसडीआरएफ के सेनानायक (कमांडेंट) अर्पण यदुवंशी ने देर शाम बताया कि सिटी कंट्रोल रूम, ऋषिकेश द्वारा एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गई कि आईडीपीएल श्मशान घाट के पास दो बच्चियां डूब गई हैं। जिनको निकालने के लिए बचाव टीम की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही पोस्ट ढालवाला से एक टीम उप निरीक्षक सचिन रावत के नेतृत्व में बचाव उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंची। जहां पहुंचकर उन्हें पता चला कि आईडीपीएल शमशान घाट के पास तीन बच्चियां नदी में नहाने के दौरान डूब गई। एक लड़की को स्थानीय लोगों ने सकुशल निकाल लिया। लेकिन दो बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका।

यदुवंशी ने बताया कि राहत टीम द्वारा अन्य दो लड़कियों की खोज की गई। खोज के दौरान, दोनों लड़कियों के शव बरामद किए गए। शवों को आवश्यक कार्यवाही के लिए जिला पुलिस को सुपुर्द किया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षित निकाली गई बच्ची अंजली पुत्री भगत बहादुर, उम्र 10 वर्ष, निवासी शिवलोक चौक, गली नं 06 आईडीपीएल, ऋषिकेश है। जबकि उसी गली में रहने वाली नेहा पुत्री लाल बहादुर, उम्र 13 वर्ष, और अंजली पुत्री दीपक, उम्र 14 वर्ष के शव बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *