हल्द्वानी RTO दफ्तर में फायरिंग, आपसी विवाद में प्रशासनिक अधिकारी ने चलाई गोली, मौके पर मची अफरा-तफरी

उत्तराखंड के नैनीताल जिले से बड़ी खबर सामने आई है. नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी में मुखानी थाना क्षेत्र में स्थित आरटीओ कार्यालय में फायरिंग हुई है. फायरिंग के बाद आरटीओ कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी सी मच गई थी. बताया जा रहा है कि ये फायरिंग दो कर्मचारियों के आपसी विवाद में हुई थी. गनीमत रही कि गोली कार्यालय में रखी एक अलमारी में जा लगी.

इस घटना के बाद आरोपी कर्मचारी मौके से फरार हो गया. वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और आरटीओ गुरदेव सिंह भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे मामले की जांच पड़ताल की और मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी कर्मचारी, जिसमें गोली चलाई थी, उसकी तलाश में जुटी हुई है.

जानकारी के अनुसार मुखानी थाना क्षेत्र में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय हल्द्वानी यानी आरटीओ ऑफिस में मंगलवार को किसी बात को लेकर दो कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया. दोनों कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो ही रही थी कि तभी एक कर्मचारी ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी. गोली कार्यालय में रखी एक अलमारी में जा लगी.

गोली आवाज से आरटीओ दफ्तर हल्द्वानी में अफरा-तफरी सी मच गई. हालांकि वहां मौजूद अन्य लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही आरोपी कर्मचारी मौके से फरार हो गया. वहीं आरटीओ दफ्तर में गोली चलने की सूचना मिलते ही मुखानी थाना से पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पुलिस ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की. साथ ही घटना से जुड़ी कुछ जानकारियां भी जुटाई. मौके पर पहुंचे आरटीओ गुरदेव सिंह ने भी घटना की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले पर चर्चा की. पुलिस, आरटीओ कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों और आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके.

प्रारंभिक जांच में मामला कर्मचारियों के आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस फरार कर्मचारी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फायरिंग किन परिस्थितियों में और किस कारण से की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *