पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बीच अल्मोड़ा जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. मलबा घुसने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, पुलिस, फायर और प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों शवों को बाहर निकाला.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि आज सुबह करीब चार बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को 112 नंबर के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक मकान में मलबा घुस गया है और कुछ लोग उसके अंदर दबे हुए हैं. सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं. जिला प्रबंधन अधिकारी ने बताया मकान के एक हिस्से में परिवार के बुजुर्ग मौजूद थे, जो सुरक्षित बच गए. वहीं बगल के कमरे में तीन लोग सो रहे थे. इनमें परिवार की बहू, उनका बेटा और बेटी शामिल थे.
पीछे की तरफ से आया भारी मलबा दीवार को तोड़ते हुए मकान के अंदर घुस गया और तीनों लोग मलबे में दब गए. हादसे में तीनों की मौत हो गई. प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला. जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है. हादसे के बाद मौके पर एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौजूद रहीं.
सीओ रानीखेत, एसडीएम, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की. दो एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गई थीं. उन्होंने बताया कि रास्ते में मलबा आने के बावजूद प्रशासन की ओर से राहत-बचाव टीमों को समय पर मौके तक पहुंचाया गया. फिलहाल मौके पर तीन जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है. सड़क को भी खोल दिया गया है और बचा हुआ मलबा पूरी तरह साफ किया जा रहा है.