जाखणीधार विकासखंड के ग्राम पंचायत कोटी खास में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने महिला के मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है. घटना के बाद से वो फरार है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेज दिया है. जबकि, मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत कोटी खास निवासी डुग्गा देवी उर्फ गुड्डी पत्नी स्व. गुलाब सिंह (उम्र 53 वर्ष) अपने घर में अकेली रहती थीं. बुधवार यानी 29 जुलाई की सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ. आसपास के लोगों ने कमरे के भीतर देखा, तो डुग्गा देवी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं.
इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया. फिर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेज दिया है. साथ ही मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि डुग्गा देवी की हत्या उनके 32 साल के बेटे अजय सिंह सजवाण ने की है, जो पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था. घटना के बाद से वो फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
कोटी खास के ग्राम प्रधान करन सिंह ने बताया कि अजय सिंह सजवाण इससे पहले विदेश में होटल लाइन में नौकरी कर रहा था. करीब एक साल पहले वो विदेश से वापस लौटा था. इसके बाद वो इंदौर में होटल लाइन में नौकरी कर रहा था, लेकिन एक महीने पहले ही नौकरी छोड़कर गांव लौट आया था.