शराब के शौकीनों के लिए बुरी खबर: 15 दिसंबर से बढ़ेंगे हैं दाम, जानें कितनी होगी बढ़ोतरी

उत्तराखंड में शराब पीने वालों के लिए 15 दिसंबर से बड़ा झटका तय है। राज्य सरकार ने आबकारी नीति 2025-26 में संशोधन करते हुए एक्साइज ड्यूटी पर 12 फीसदी वैट फिर से लागू करने का निर्णय लिया है। इससे शराब की कीमतों में 40 रुपए से लेकर 100 रुपए तक की बढ़ोतरी होने जा रही है।

आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल के अनुसार, शासनादेश मिलने के बाद संशोधित दरों को पारदर्शी तरीके से लागू करने के लिए तय टाइम-लाइन बनाई गई है। विभाग ने नई दरें लागू करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था, जिसके बाद सरकार ने 15 दिसंबर तक नई प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति दे दी है।

गौरतलब है कि वर्ष 2025-26 की आबकारी नीति तैयार करते समय विभाग ने एक्साइज ड्यूटी से वैट को हटा दिया था। उस समय तर्क दिया गया था कि उत्तर प्रदेश में एक्साइज ड्यूटी पर वैट नहीं लगता, इसलिए उत्तराखंड को भी प्रतिस्पर्धी बने रहना होगा और इससे अवैध शराब की तस्करी पर भी रोक लग सकेगी। लेकिन वित्त विभाग ने इस कदम पर आपत्ति जताई और वैट हटाने को गलत फैसला बताया। वित्त विभाग की कड़ी आपत्ति के बाद सरकार एक्साइज ड्यूटी पर फिर से 12 प्रतिशत वैट जोड़ने जा रही है।

नए संशोधन के बाद देशी और अंग्रेजी दोनों प्रकार की शराब के दाम बढ़ जाएंगे। कंट्री मेड अंग्रेजी शराब के पव्वे पर करीब 10 रुपये और बोतल पर 40 रुपए की बढ़ोतरी होगी। वहीं विदेश से आयातित अंग्रेजी शराब की बोतलें 100 रुपये तक महंगी हो जाएंगी। जानकारी के लिए बता दें कि उत्तराखंड में शराब के दाम पहले से ही हिमाचल, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की तुलना में अधिक हैं। नए वैट लागू होने के बाद यह अंतर और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *